गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जीपीएम जिले के रानीझाप गांव में एक विधवा महिला के साथ की गई बर्बरता ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। महिला की साड़ी उतारकर अर्धनग्न किया गया, उसके कपडे फाड़े गए, चेहरे पर गोबर पोता गया और पूरे गांव में घसीटते हुए घुमाया गया। बीच सड़क पर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और बाल खींचे गए। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता की उम्र करीब 35 वर्ष है और उसके पति की मौत लगभग एक साल पहले हो चुकी है। दरअसल गांव के ही एक विवाहित व्यक्ति से उसके प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। दोनों अक्टूबर 2025 में गांव से चले गए थे और मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में रह रहे थे। 23 जनवरी को जब दोनों वापस गांव लौटे, तो विवाद की स्थिति बन गई।

पुलिस ने झगड़ा निपटाया, मगर…

विवाद के बाद महिला और संबंधित व्यक्ति के परिजन खोड़री पुलिस चौकी पहुंचे। वहां महिला ने उसके साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद सभी लोग गांव लौट आए। उसी रात गांव के एक व्यक्ति ने दोनों को अपने घर में शरण दी, लेकिन अगले दिन सुबह करीब 10 बजे हालात अचानक बिगड़ गए।

आरोप है कि संबंधित व्यक्ति की पत्नी, भाई, बहन और कुछ अन्य लोग एकजुट होकर महिला पर टूट पड़े। उसे पीटा गया, कपड़े उतारे गए और पूरे गांव में घुमाया गया। आरोपियों ने घर उजाड़ने का अंजाम बताते हुए उसे अपमानित किया। महिला को घसीटते हुए गांव के मुख्य मार्ग स्थित काली मंदिर तक ले जाया गया। बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति की दो छोटी बेटियां हैं, इसी बात को लेकर परिजनों का गुस्सा विधवा महिला पर उतारा गया।

ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर बचाया महिला को

घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन और कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह महिला को बचाया, उसे कपड़े पहनाए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अपने साथ ले गई।

पुलिस ने आरोपियों को जमानत पर छोड़ा

गौरेला के थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पीड़िता के बयान के आधार पर हरिशंकर की पत्नी सरोज राठौर, साले मनोज राठौर और सरहज यशोदा राठौर के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस इस घटना को गंभीर और संवेदनशील बताते हुए हुए जांच करने की बात कह रही है।

You missed

error: Content is protected !!