रायपुर। कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना पर बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि यह योजना आम बुजुर्गों के लिए नहीं, बल्कि भाजपा के चहेते कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की निजी पिकनिक योजना बन चुकी है। योजना का मूल उद्देश्य 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ दर्शन कराना था, लेकिन भाजपा राज में नियमों की धज्जियां उड़ाकर अपात्र लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

बंजारे ने एक फोटो और सूची जारी करते हुए बताया कि भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री एवं रायपुर जिला पंचायत सदस्य सविता चंद्राकर सहित कई भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारी इस योजना के तहत बाबा वैद्यनाथ धाम (देवघर) की यात्रा पर गए हैं। बंजारे ने सवाल उठाया है कि क्या ये सभी पदाधिकारी 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्ग हैं? बिल्कुल नहीं। यह योजना की पात्रता का खुला उल्लंघन है और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग है।

बंजारे ने आगे बताया कि हजारों पात्र बुजुर्ग वर्षों से प्रतीक्षा सूची में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन भाजपा के नेता और उनके करीबी बिना किसी योग्यता के तीर्थ स्थलों का मुफ्त आनंद ले रहे हैं। यह भाजपा का दोहरा चरित्र है– एक तरफ बुजुर्गों की आस्था का दिखावा, दूसरी तरफ भाजपा का अपनी पार्टी के लोगों को सरकारी खजाने से मनोरंजन कराना। उन्होंने कहा कि जनता की योजनाओं को अपनी पार्टी की संपत्ति समझने वाली यह सरकार जनता के साथ विश्वासघात कर रही है। कांग्रेस पार्टी बुजुर्गों की आस्था और अधिकारों की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर डटी रहेगी।

You missed

error: Content is protected !!