रायपुर। धरना प्रदर्शन करने रायपुर पहुंचे पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर को टाटीबंध इलाके में हाउस अरेस्ट करके रखा गया है। इस दौरान उन्होंने यहां से निकलने की कोशिश की, मगर प्रवेश द्वार बंद होने के चलते वे सफल नहीं हो सके।
कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग को लेकर पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर आज से सीएम हाउस के समक्ष धरना देने वाले थे। इसके लिए वे कल शाम ही राजधानी पहुंच गए थे। उन्हें टाटीबंध स्थित गहोई वैश्य भवन में ठहराया गया था। आज सुबह वे धरना देने के लिए निकलने वाले थे, इस दौरान उन्हें जाने से रोका गया और भवन का प्रवेश द्वार को बंद कर दिया गया।
मीडिया का लगा मजमा
ननकी राम कंवर इस भवन से निकलने की कोशिश कर रहे थे और इस बीच मीडिया कर्मियों की यहां भीड़ लग गई। इस दौरान कंवर ने एक कुर्सी लगाकर बाहर फांदने की कोशिश की, मगर सफल नहीं हो सके। यहां मीडिया कर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्हें रोका गया था है वह मानकर चल रहे हैं कि उन्हें अरेस्ट कर लिया गया है।
आज शाम मिलेंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
इस दौरान कंवर ने बताया कि उनकी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से चर्चा हुई, मगर उन्होंने कलेक्टर को हटाने की मांग पर कोई जवाब नहीं दिया। उनके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह से भी उनकी बात हुई है। वे शाम को बस्तर से लौटकर उनसे मिलेंगे।
कंवर ने इस दौरान कहा कि आज धरना देने का उन्होंने ऐलान किया था, आज नहीं तो कल धरना दे देंगे। मीडिया कर्मियों द्वारा कंवर की कलेक्टर से नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कलेक्टर के खिलाफ काफी शिकायतें हैं। वे जनसेवा के लिए वहां भेजे गए हैं, जनता अपनी समस्याओं के लिए उनके पास नहीं जाए तो कहां जाएगी। कंवर ने कलेक्टर के कई कार्यों का उल्लेख करते हुए अपना विरोध जताया।बहरहाल ननकी राम कंवर गहोई भवन में ही रुके हुए हैं। संभवतः भाजपा अध्यक्ष किरण देव सिंह से चर्चा के बाद वे अगले कदम का फैसला करेंगे।