0 रायपुर में अपराध और ट्रैफिक की बिगड़ती हालत पर बृजमोहन अग्रवाल सख्त
0 सांसद का पत्र सरकार को सुझाव- उप मुख्यमंत्री साव
0 यह तो लेटर बम है – कांग्रेस नेता भगत

रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पहले बर्खास्त बीएड शिक्षकों की नियुक्ति के लिए और अब राजधानी में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार को घेरा है। अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर राजधानी जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु तत्काल रिक्त पदों की भर्ती एवं अतिरिक्त पुलिस बल स्वीकृत करने की मांग की है। इसे लेकरभाजपा और कांग्रेस नेताओं ने जमकर बयानबाजी की।

CM को पत्र में क्या लिखा है बृजमोहन ने

राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते अपराध, यातायात की गंभीर समस्याओं और पुलिस बल की भारी कमी को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर राजधानी और जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु तत्काल रिक्त पदों की भर्ती एवं अतिरिक्त पुलिस बल स्वीकृत करने की मांग की है।

सांसद अग्रवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि राजधानी रायपुर की जनसंख्या आज 16 लाख से अधिक हो चुकी है, वहीं रायपुर, बिरगांव, माना, मंदिरहसौद जैसे नगरीय क्षेत्रों को जोड़ दें तो यह आंकड़ा 30 लाख से ऊपर पहुंचता है। साथ ही लगातार हो रहे वीवीआईपी मूवमेंट, साइबर अपराधों में वृद्धि और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण पुलिस बल पर अत्यधिक भार पड़ा है।

वर्तमान में रायपुर जिले में 3805 पुलिस पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 796 पद रिक्त हैं। आरक्षकों के 2738 स्वीकृत पदों के विरुद्ध केवल 2007 पद ही भरे हुए हैं, जिससे आमजन को असुविधा और पुलिस बल को कार्य संचालन में कठिनाई हो रही है।

यातायात व्यवस्था को लेकर श्री अग्रवाल ने पत्र में उल्लेख किया कि रायपुर में पंजीकृत वाहनों की संख्या 17 लाख से अधिक हो चुकी है, जबकि बीपीआर एंड डी के मानकों के अनुसार 2388 बल की आवश्यकता है, लेकिन वर्तमान में मात्र 416 यातायात कर्मी उपलब्ध हैं।

सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि रायपुर जिले में रिक्त पुलिस पदों की शीघ्र भर्ती कराई जाए तथा राजधानी के बढ़ते स्वरूप के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की स्वीकृति दी जाए, ताकि अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्रभावी बनाया जा सके।

इस तरह हो रही बयानबाजी

कांग्रेस नेता पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने सांसद के इस पत्र को लेटर बम कहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और सरकार में आपसी तालमेल की कमी दिख रही है। यही वजह है कि सांसद को लेटर लिखना पड़ रहा।

इस पत्र पर डिप्टी सीएम अरूण साव ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होने अपना सुझाव दिया है। राज्य सरकार उनके सुझाव पर अमल करेगी। कांग्रेस ने पांच साल राज्य की कानून व्यवस्था को बदहाल किया है। प्रदेश को अपराध का गढ़ बनाया है, इसलिए कानून व्यवस्था पर कांग्रेस को कुछ कहने का अधिकार नहीं है।

You missed

error: Content is protected !!