0 निगम आयुक्त ने आयुक्त ने जोन 6 जोन कमिश्नर, अन्य जिम्मेदार अफसरों और ठेकेदारों को जारी किया नोटिस
रायपुर। सेप्टिक टैंक के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से बच्चे की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस हादसे को लेकर रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय मृतक बच्चे के परिजनों के साथ धरने पर बैठ गए।
मृतक बच्चे के परिजनों ने राम नगर मेन रोड पर चक्का जाम भी किया । पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इस घटना को सरकार और निगम प्रशासन की घोर लापरवाही बताया है। विकास उपाध्याय ने मांग की है कि, इस पूरी घटना की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि, सरकार मृत बच्चे के परिजनों को उचित मुआवजा भी दे।
विकास उपाध्याय ने लगाए ये आरोप
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से आये दिन आपराधिक मामलों में वृद्धि, दुर्घटनाओं में वृद्धि, महिलाओं के साथ अत्याचार-दुर्व्यव्हार और बच्चों के साथ घटनाएं बढ़ गई हैं। उपाध्याय ने बताया कि रामनगर के गुलमोहर पार्क के पीछे बीएसयूपी कॉलोनी में नगर निगम ने सिवरेज के लिए महीनों से गड्ढा खोद कर रखा हुआ है, पिछले कई महीनो से काम बंद होने के कारण इसमें गंदा पानी भर गया है। । कल रात्रि इसी गड्ढे में 3 बच्चे डूब गए। इनमें से एक बच्चे की मौत हो गई, दूसरे बच्चे का इलाज हो रहा है और तीसरा बच्चा सुरक्षित है। यह घटना न केवल प्रशासनिक उदासीनता का परिचायक है, बल्कि जन सुरक्षा के प्रति शासन की संवेदनहीनता को उजागर करती है।
शासन से मुआवजे और कार्यवाही की मांग
इस हृदयविदारक घटना के विरोध में आज रामनगर गुलमोहर पार्क के मुख्य गेट के सामने वार्ड के आम नागरिकों ने पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय की अगुवाई में धरना-प्रदर्शन किया। इनकी मांग है कि मृतक परिवार को बतौर मुआवजा 20 लाख रूपये एवं जिस बच्चे का उपचार हो रहा है उसके उचित ईलाज और 10 लाख रूपये मुआवजा दिया जाये। साथ ही दोषी अधिकारियों पर तत्काल कार्यवाही एवं समस्या का त्वरित निदान किया जाये।
अफसरों को नोटिस जारी कर 24 घंटे में मांगा जवाब
इस हादसे के बाद नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने नगर निगम जोन 6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, प्रभारी सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव, उप अभियंता हिमांशु चंद्राकर, जल कार्य ठेकेदार कमल रात्रे को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घण्टे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। आयुक्त ने सभी जोन के संबंधित अधिकारियों को पेयजल कार्य हेतु खोदे गए गड्ढे को कार्य उपरांत तत्काल पाटने, पर्याप्त सुरक्षा घेरा चारों ओर लगाने, लाल झंडी लगाए जाने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा की स्थिति में एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्यवाही करने की नगर निगम रायपुर के सभी जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं, सहायक अभियंताओं, उप अभियंताओं को चेतावनी आयुक्त द्वारा दी गयी है।
गड्ढे की घेरेबंदी कराई निगम ने
इस हादसे के बाद आज प्रधानमंत्री आवास योजना ( पीएमवाय ) की टीम तत्काल नगर निगम जोन 7 क्षेत्र के तहत गुलमोहर पार्क पीएमवाय कॉलोनी के सोकपीट के चारों ओर सुरक्षा की दृष्टि से बैररिकैटिंग करने की कार्यवाही स्थल पर की गयी है। वहीं नगर निगम जोन 6 की टीम द्वारा जोन के तहत छत्तीसगढ़ नगर में शीतला मन्दिर के समीप पेयजल कार्य हेतु खोदे गए गड्ढे को तत्काल पाटने की कार्यवाही स्थल पर तत्काल की गयी है।