कोरबा। जिले के भाजपा अध्यक्ष मनोज शर्मा को महज 3 महीने में ही हटा दिया गया। यहां नगर निगम में सभापति के चुनाव में भाजपा की जो किरकिरी हुई थी, उसके बाद पार्टी के जिलाध्यक्ष पर कार्यवाही होना तय माना जा रहा था। देर सबेर पार्टी हाई कमान ने फैसला ले ही लिया और मनोज शर्मा को हटाते हुए गोपाल मोदी को भाजपा जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी जगदीश रामू रोहरा ने शनिवार को पत्र जारी करते हुए गोपाल मोदी को भाजपा कोरबा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। तीन माह पहले ही डा राजीव सिंह के स्थान पर मनोज शर्मा को जिलाध्यक्ष बनाया गया था। भाजपा में किसी को भी इतनी जल्दी पद से नहीं हटाया जाता है, पर मनोज शर्मा को हटाना पड़ गया।
बता दें कि कोरबा के नगर निगम चुनाव में भाजपा की मेयर प्रत्याशी संजू देवी राजपूत को बड़ी जीत हुई थी। वहीं भाजपा के पार्षद भी बड़ी संख्या में चुनकर आये। मगर जब सभापति का चुनाव हुआ तब पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी हितानन्द अग्रवाल की बजाय पार्टी के बागी प्रत्याशी नूतन सिंह ठाकुर सभापति चुन लिए गए। पार्टी द्वारा अधिकृत प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल के विरूद्ध पार्षदों ने पर्यवेक्षक, जिलाध्यक्ष शर्मा के सामने ही विरोध किया। इतना ही नहीं बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे नूतन सिंह के पक्ष में भाजपा पार्षदो ने मतदान कर सभापति बना दिया, जबकि पार्टी प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा। पार्टी ने इसे जिलाध्यक्ष की कमजोरी माना है कि वे पार्षदो को एकजुट नहीं रख सके और उनके सामने ही पार्षदों ने विरोध जताया।
इस मामले में नाराज पार्टी हाई कमान ने इलाके के विधायक और सरकार में मंत्री लखन देवांगन को भी नोटिस जारी कर दिया। बताया जाता है कि इस चुनाव में भी भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा की भूमिका एकपक्षीय थी। इस मामले की जांच के लिए पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं की टीम भी बनाई थी। हालांकि मामला धीरे-धीरे शांत नजर होता नजरआ रहा था मगर पार्टी ने जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा को बदल कर यह सन्देश दे दिया है कि मामला अभी ख़त्म नहीं हुआ है।
कोरबा जिले के सरायपाली गोलीकांड को भी इससे जोड़ कर देखा जा रहा है। गोली चलने के बाद मनोज शर्मा जिस ढंग से पाली पहुंचे और उनका रवैय्या एकतरफा रहा। बताया जा रहा है कि उसे भी पार्टी ने गलत माना है। इसके अलावा भी उनकी कार्यशैली को लेकर कई शिकायतें हाई कमान के पास पहुंचने लगी थीं। यही वजह है कि प्रदेश में पहली बार किसी भाजपा जिलाध्यक्ष को महज 3 महीने में बदल दिया गया।
जिलाध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार थे गोपाल मोदी
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, डा राजीव सिंह के कार्यकाल से भाजपा जिला में कोषाध्यक्ष का दायित्व संभाल रहे थे। इसके अलावा अग्रवाल सभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। रामपुर विधानसभा चुनाव में पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के चुनाव प्रभारी की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
बता दें कि कोरबा जिले में इस बार भाजपा के जिलाध्यक्ष पद के चयन की बारी आयी तब पार्टी के सक्रिय नेता गोपल मोदी भी इस पद के प्रबल दावेदार थे, मगर सूत्र बताते हैं कि जिले के वरिष्ठ नेताओं का गुट विशेष उन्हें रोकते हुए मनोज शर्मा को अध्यक्ष बनाने में सफल हो गया। मगर होनी को कुछ और ही मंजूर था। कुछ ही महीने में परिस्थितियां बदली और हाई कमान ने अपना फैसला बदलते हुए मोदी को उनकी संगठन क्षमता, कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रियता और जमीनी पकड़ को देखते हुए जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी है।