दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम में चल रहे उप चुनाव के दौरान उस वक्त खलबली मच गई जब राज्य निर्वाचन आयोग ने यहां के वार्ड क्रमांक 35 में चल रहे उप चुनाव को स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया। मजे की बात यह रही कि यह आदेश जारी करने तक जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस वार्ड के भाजपा प्रत्याशी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया था, जबकि पूर्व में बर्खास्त किये गए पार्षद ने हाई कोर्ट से स्थगन ले लिया था। इस बीच यहां कुछ ऐसे वाकये हुए, जिससे यहां के राजनीतिक महकमे में काफी हलचल रही।

दो वार्डों के पार्षद किये गये थे बर्खास्त

दरअसल भिलाई नगर निगम का वर्तमान कार्यकाल अभी 2 साल बचा हुआ है। इस दौरान यहां के दो वार्डों की पार्षद की सीटें खाली हुईं, और अभी चल रहे नगरीय निकाय के चुनाव में इन दो वार्डों के लिए उप चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी।

भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 35 शारदा पारा में पिछले चुनाव में इंजिनियर सलमान पिछड़ा वर्ग के कोटे से चुनाव जीतकर पार्षद बने थे। इसी तरह वार्ड क्रमांक 24 में भी नितेश यादव पिछड़ा वर्ग के कोटे से चुनाव जीते। कालांतर में दोनों पार्षदों की जाति को लेकर आपत्ति जताते हुए इनके प्रमाण पत्रों को फर्जी बताया गया। जांच में दोनों के प्रमाण पत्रों को फर्जी मानते हुए इन्हे बर्खास्त कर दिया गया। इसी वजह से भिलाई के इन दोनों वार्डों में उप चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गया प्रत्याशी..!

इस उप चुनाव में वार्ड क्रमांक 35 में बीजेपी प्रत्‍याशी चंदन यादव के सामने कांग्रेस से मनोज सिन्‍हा चुनाव मैदान में थे। यहां से केवल दो प्रत्याशी ही चुनाव लड़ रहे थे। 31 जनवरी को दिन के समय मनोज सिन्‍हा ने चुनाव से अपना नाम वापस लेते हुए बीजेपी ज्‍वाइन कर ली और कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया। इसके बाद भिलाई के भाजपा विधायक रिकेश सेन और जिलाध्यक्ष पुरषोत्तम देवांगन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मनोज सिन्‍हा को मीडिया के समक्ष पार्टी की सदस्‍यता दिलाई। इसके बाद बीजेपी प्रत्याशी चंदन यादव की निर्विरोध जीत बताई गई। और दोनों को माला पहना कर बधाई दी गई।

निर्वाचन अधिकारी ने सौंप दिया जीत का प्रमाण पत्र

उधर जिला निर्वाचन अधिकारी ने वार्ड क्रमांक 35 से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज सिन्‍हा द्वारा अपनी दावेदारी वापस लेने से मैदान में अकेले रह गए भाजपा प्रत्याशी चंदन यादव को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया और उसे निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र भी सौंप दिया। जीत की इस ख़ुशी पर भिलाई विधायक रिकेश सेन और भाजपा पदाधिकारियों की अगुवाई में जुलूस भी निकाला गया।

निर्वाचन आयोग फरमान, फिर…

भिलाई में बीजेपी एक प्रत्याशी के निर्विरोध चुनाव जीतने की खुशी मना ही रही थी, तभी राज्‍य निर्वाचन आयोग का फरमान जिला निर्वाचन अधिकारी के पास पहुंचा, जिसमें भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 35 में हो रहे उप चुनाव को स्थगित करने का आदेश था। इसका पालन करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने भी वार्ड क्रमांक 35 में उप चुनाव स्थगित करने का आदेश जारी कर दिया। इस आदेश से भाजपा खेमे की सारी खुशी काफूर हो गई।

पूर्व पार्षद ने सौंप दिया था स्थगन आदेश

भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 35 शारदा पारा के बर्खास्त किये गए पार्षद इंजिनियर सलमान ने अपने खिलाफ की गई कार्यवाही के विरुद्ध हाई कोर्ट की शरण ली थी। इधर उनके वार्ड में उप चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। इसी दौरान हाई कोर्ट ने सलमान को बर्खास्त करने की कार्यवाही पर स्टे लगा दिया। इसके बाद हाई कोर्ट के इस आदेश की प्रति सलमान ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंप दी। निर्वाचन अधिकारी ने संभवतः इस आदेश को मार्गदर्शन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग को प्रेषित कर दिया। निर्वाचन आयोग से जब तक आदेश आता तब तक वार्ड उपचुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी ने अपना नाम वापस ले लिया और यहां के भाजपा प्रत्याशी चंदन यादव को निर्वाचित भी घोषित कर दिया गया। इस तरह भिलाई नगर निगम के इस वार्ड में एक ही समय दो-दो पार्षद हो गए हैं। हालांकि चुनाव पर स्थगन के बाद की स्थिति क्या होगी इसको लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी बयान जारी नहीं किया है।

वार्ड 35 के उपचुनाव के स्थगित होने के बाद अब केवल भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 24 में ही उप चुनाव हो रहा है, जहां चुनाव की सारी प्रक्रिया चल रही है।

You missed

error: Content is protected !!