रायपुर। नगर निगम रायपुर में मेयर का पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद कांग्रेस, और भाजपा में महिला दावेदारों के बीच हलचल मच गई है। दोनों ही दलों से कई नाम उभरकर सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि चुनाव की घोषणा मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद हो सकती है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी को होगा।

दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में जैसे ही रायपुर नगर निगम का मेयर पद महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने की लॉटरी निकली, महिला दावेदार काफी खुश नजर आईं। कई लोग तो यहां मौजूद नगर निगम पार्षद दल की नेता मीनल चौबे को बधाई देने लगे। बाकी महिला नेत्रियों भी एक-दूसरे को बधाई देते नजर आईं।

रायपुर नगर निगम में 2009 में मेयर का पद महिला आरक्षित हुआ था, तब सीधे चुनाव में कांग्रेस की किरणमयी नायक मेयर निर्वाचित हुईं। इस बार दोनों ही दलों से आधा दर्जन नाम उभरकर सामने आए हैं। भाजपा से मीनल चौबे का नाम प्रमुखता से उभरा है। मीनल रायपुर पश्चिम, और दक्षिण के वार्ड से पार्षद रही हैं। वर्तमान में वो भाजपा पार्षद दल की नेता हैं।

भाजपा के कई दावेदारों के नाम आये सामने

मीनल को भाजपा से टिकट का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इसके अलावा महिला नेत्री शैलेन्द्री परगनिया, सरिता आकाश दुबे के अलावा सिंधी काउंसिल की उपाध्यक्ष राखी बलवानी का नाम प्रमुखता से उभरा है।

कांग्रेस के दिग्गजों की पत्नियों के नाम आगे

उधर कांग्रेस से दिग्गज नेताओं की पत्नियों का नाम भी दावेदारों के रूप में उभरा है। महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक का नाम भी चर्चा में हैं। अगर वे चुनाव लड़ती हैं तो उन्हें वर्तमान पद छोड़ना पड़ेगा। इसी तरह सभापति प्रमोद दुबे की पत्नी दीप्ति दुबे, कांग्रेस प्रवक्ता वंदना राजपूत, जोन अध्यक्ष रह चुकीं नीतू घनश्याम तिवारी का नाम भी चर्चा में हैं। आरक्षण तय होने के बाद जल्द ही प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया तय की जाएगी।

 

You missed

error: Content is protected !!