रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सवा सौ किमी की न्याय यात्रा का बुधवार को समापन हुआ। यात्रा में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने भी हिस्सा लिया और साय सरकार पर जमकर निशाना साधा।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज की अगुवाई में बलौदा बाजार और कवर्धा की घटना को लेकर कांग्रेस की न्याय यात्रा गिरौदपुरी धाम से निकली। यात्रा में पार्टी के तमाम प्रमुख नेता नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, रविन्द्र चौबे, डॉ. शिव कुमार डहरिया, अमरजीत भगत, और पार्टी के तमाम नेताओं ने अलग-अलग जगहों पर यात्रा में शरीक हुए। यात्रा में भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव की मां भी शामिल हुईं।

बुधवार को रायपुर शहर में प्रवेश के दौरान प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, दोनों प्रभारी सचिव जरिता लैटफलांग और सुरेश कुमार ने भी प्रदेश अध्यक्ष बैज के साथ पदयात्रा में साथ रहे।

प्रदेश में अशांति और अराजकता : पायलट

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश में अशांति और अराजकता का माहौल है। डर में लोग जी रहे हैं। हिंसक घटनाएं हो रही हैं, मात्र कुछ महीने में ही सरकार फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूरी में न्याय यात्रा निकाल रही है, और सरकार सचेत नहीं हुई, तो कांग्रेस राज्यभर में संग्राम छेड़ेगी।उन्होंने कहा कि यह सरकार सुशासन वाली नहीं, बल्कि लोकतंत्र को खत्म करने वाली सरकार है। पायलट ने कहा कि कांग्रेस को दबाने के लिए बीजेपी ने देश की सभी जांच एजेंसियों को उनके पीछे लगा दिया है, और कांग्रेस नेताओं को षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस डरने वाली नहीं, बल्कि लड़ने वाली पार्टी है।

जिनके साथ अन्याय हुआ, वे हमारे साथ : बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जिनके साथ सरकार ने अन्याय किया है वह भी हमारे साथ न्याय यात्रा में शामिल होने आए हैं। जिनके इशारे पर तीन हत्या हुई और इतनी बड़ी घटना घटी। राज्य के गृहमंत्री के जिले में इतनी बड़ी घटना हुई है और भाजपा के शासनकाल में लगातार आपराधिक घटना हो रही है। भाजपा सरकार में झीरम जैसी घटना हुई है और निर्दोष आदिवासी की हत्या हुयी है। भाजपा सरकार में एसपी, कलेक्टर आफिस जलता है। लगातार मौते हो रही है। इस सबके के लिये भाजपा की सरकार जिम्मेदार है।

BJP ने कहा – यह कांग्रेस की “बौखलाहट यात्रा”

इस यात्रा को लेकर बीजेपी ने राजधानी में प्रेस वार्ता की, जिसमें कांग्रेस की न्याय यात्रा पर तीखी प्रतिक्रिया दी गई। महामंत्री संजय श्रीवास्तव और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष नवीन मार्कंडेय ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप लगाए।

महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि गिरौदपुरी मामले का राजनीतिकरण करने का प्रयास कांग्रेस द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बलौदाबाजार आगजनी प्रकरण का जिक्र करते हुए बताया कि आरोपी देवेंद्र यादव अभी जेल में हैं और उन्हें जमानत तक नहीं मिल रही। उन्होंने कहा, “जब भी कोर्ट का कोई निर्णय कांग्रेस के पक्ष में नहीं आता, तो वे न्यायालय पर सवाल खड़े करते हैं। यह स्पष्ट है कि कांग्रेस को न्यायालय पर भरोसा नहीं है।” श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि अपराधी ही न्याय यात्रा निकाल रहे हैं और जनता इस सत्य को भली-भांति जानती है।

भाजपा ने न्याय यात्रा को “बौखलाहट यात्रा” करार देते हुए यह भी कहा कि यह खुद को जीवित रखने दीपक बैज की यात्रा थी। उन्होंने कांग्रेस पर तंज करते हुए सवाल उठाया कि तीनों राज्यसभा सांसद इस यात्रा में शामिल क्यों नहीं हुए और क्या वे मानते हैं कि कांग्रेस ने जनता के साथ अन्याय किया है।

 

You missed

error: Content is protected !!