बिलासपुर। पांच साल की बच्ची को थप्पड़ मारने पर आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य को कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। प्राचार्य को निलंबित करने का प्रस्ताव भी लोक शिक्षण संचालनालय को भेज दिया है। इसके अलावा BEO मस्तूरी को भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

CCTV से हुई आरोप की पुष्टि

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पचपेड़ी विकासखंड मस्तूरी के प्रभारी प्राचार्य चितरंजन कुमार राठौर ने विद्यालय में अपने बहन के साथ आई हुई 5 वर्षीया बालिका को थप्पड़ मारा तथा बुरी तरह से डांट लगाई गई, जिससे बालिका भयभीत हो गई। इस प्रकार बिना कारण जाने अबोध बालिका के साथ सख्त व्यवहार किया जाना पाया गया।

जांच में CCTV से इस मामले की पूरी तरह पुष्टि हो गई। जिसके बाद कलेक्टर अवनीश शरण के द्वारा तत्काल प्रभारी प्राचार्य को पद से मुक्त करते हुए बीईओ कार्यालय मस्तूरी में उपस्थिति देने हेतु आदेशित किया है। चितरंजन कुमार राठौर प्रभारी प्राचार्य मूल पद व्याख्याता के निलंबन का प्रस्ताव भी संचालक लोक शिक्षण रायपुर को अनुशंसा सहित भेजा गया है।

BEO को भी हटाने का आदेश

मस्तूरी विकासखंड में इस प्रकार की घटना लगातार होने से यह स्पष्ट हो गया कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी शिव राम टंडन का शिक्षकों पर नियंत्रण नहीं है। अतः शिव राम टंडन प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी को प्रभार से मुक्त करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी का प्रभार ईश्वर प्रसाद सोनवानी प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला एरमशाही को दिया गया है। कलेक्टर अवनीश शरण ने स्पष्ट कहा है कि विद्यालय में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

You missed

error: Content is protected !!