रायपुर। पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता राधिका खेड़ा के आरोपों का कांग्रेस के संचार विभाग के चेयरमैन सुशील आनंद शुक्ला ने खंडन किया है। उन्होंने कहा है कि राधिका ने घटना को लेकर जो वीडियो बनाए थे, उसे सार्वजनिक किया जाएगा तो सब कुछ दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

राजीव भवन में सुशिल आनंद शुक्ला महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों को साथ लेकर मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने राधिका खेड़ा के आरोपों को भाजपा की साजिश करार दिया है। सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि वो भाजपा के हमले का करारा जवाब देते हैं, इसलिए संभवत: भाजपा के साथ मिलकर उन पर आरोप लगाए गए हैं।

शुक्ला ने बताया घटना के बारे में

सुशील आनंद शुक्ला ने सिलसिलेवार घटना का ब्यौरा दिया, और राधिका खेड़ा के आरोपों पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि विवाद 30 तारीख को हुई थी। शुक्ला ने कहा कि पार्टी के मीडिया सेल के राष्ट्रीय प्रमुख पवन खेड़ा का एक मई को दौरा कार्यक्रम था। इस पर चर्चा के लिए राधिका खेड़ा संचार विभाग के कक्ष में पहुंची।

शुक्ला ने बताया कि राधिका खेड़ा ने जानकारी दी कि पवन खेड़ा सुबह 11 बजे यहां आएंगे। खेड़ा ने उन्हें बताया कि वो आधा दर्जन मीडिया हाऊस जाएंगे, और संपादकों से चर्चा करेंगे। मैंने उनसे (राधिका) से पूछा कि क्या मीडिया हाऊस के लोगों से चर्चा हो गई है। इस पर राधिका खेड़ा ने कहा कि हां, बात हो गई है। सुशील ने आगे कहा कि मैंने इस पर आपत्ति की, और कहा कि उन्हें बायपास करके सीधे संपादकों से बात क्यों की?

इसी बात पर विवाद हुआ, और जोर-जोर से चिल्लाते हुए वीडियो बनाने लगी। सुशील ने चुनौती दी कि यदि वीडियो को सार्वजनिक कर दिया जाए, तो सबकुछ साफ हो जाएगा।

लवली गुट से जुड़ी हुई हैं राधिका

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि 29 तारीख को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने पार्टी छोड़ दी थी। उनके पार्टी छोड़ने के बाद राधिका ने मुझसे बात की थी। कहा जा रहा है कि राधिका, लवली गुट से जुड़ी हुई हैं और विवाद को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि देर-सबेर राधिका खेड़ा भाजपा में शामिल हो सकती हैं।

महंगे होटल का बिल भाजपा भरती है..?

शुक्ला ने आरोप लगाया कि ”इस पूरे मामले में कुछ भाजपा नेता भी संलिप्त है। मैं पार्टी का पक्ष पूरी निर्भीकता से दमदारी से रखता हूं। पार्टी के नेताओं के ऊपर भाजपा के हमले का करारा जवाब देता हूं इसलिये मुझे निशाना बनाया गया। यह भी शोध का विषय है कि वे लंबे समय चार सालों से मेरियेट जैसे महंगे होटल में ठहरी हैं, इसका पूरा खर्चा भी भाजपा के द्वारा वहन किया जाता है।

मानहानि का करेंगे दावा

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा है कि राधिका ने जिस तरह ने मुझ पर बहुत सारे अनर्गल तथ्यहीन आरोप लगाए हैं, मेरी चरित्र हत्या करने का प्रयास किया है। उसे लेकर मैं राधिका के ऊपर मानहानि का दावा पेश करूंगा, इसके लिए उन्होंने अपने वकील से चर्चा भी की है।

राधिका के आरोप के पीछे आर्थिक हित

शुक्ला ने आरोप लगाया कि राधिका के इस कदम के पीछे कुछ आर्थिक हित भी जुड़े हुए हैं। राधिका खेड़ा की मां की एक कंपनी है जिसका नाम द क्रिएटिव जिप्सी बताया जा रहा है। इस कंपनी को जनसंपर्क विभाग से फिल्म निर्माण का काम दिया गया था। जिसको लेकर भी कुछ विवाद है।

इसी मुद्दे पर चर्चा करते हुए कांग्रेस के प्रवक्ता धनंजय सिंह ने कहा कि राधिका खेड़ा के पत्र से साफ हो रहा है कि उन्होंने पहले से पार्टी छोड़ने का मन बना लिया था, वह अवसर की तलाश में थी। छत्तीसगढ़ के कांग्रेस सरकार के समय से वह अपने प्रभाव का उपयोग करके जनसंपर्क विभाग, पर्यटन विभाग और सीएसआईडीसी में करोडो रुपए का काम करती थी। उनकी मां के नाम से एक फिल्म कंपनी है, उसी के नाम पर फिल्म बनाती हैं, उनका छ्ग शासन के विभिन्न विभागों मे करोड़ों रुपए का बिल भी फंसा हुआ है। उनके कांग्रेस छोड़ने का यह भी एक बहुत बड़ा कारण है।

धनंजय सिंह ने कहा कि राधिका की मां की कंपनी ने कौशल्या माता मंदिर पर भी जनसंपर्क विभाग के लिए 50 लाख रूपये में फिल्म बनाया था। जिसका प्रायोजक पर्यटन विभाग है। उन्होंने कहा कि सुशील आनंद शुक्ला और हम सब तो सिर्फ एक मोहरा बने हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि इस विवाद के पूरे स्क्रिप्ट के पीछे भाजपा की साजिश और षड्यंत्र है।

Loading

error: Content is protected !!