Trending Now

जयपुर। बच्चों की जेल यानी बाल सुधार गृह से एक बार फिर 22 टीन एजर खिड़की तोड़कर भाग गए हैं। 11 फरवरी की आधी रात जंगला तोड़ एक एक कर कुल 22 बाल अपचारी फरार हो गए। किशोरों ने यहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों पर भी हमला किया और उसके बाद भागे। सूचना मिलने के बाद बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। सुबह बाल सुधार गृह के अधिकारियों सहित पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फरार हुए बाल अपचारियों की तलाश की जा रही है।

बाल सुधार गृह में उन बाल अपचारियों को रखा जाता है जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम होती है और जो अपराधों में लिप्त पाए जाते हैं। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस भागे हुए बच्चों की तलाश में जुटी हुई है।

हर साल हो रही हैं घटनाएं

बाल सुधार गृह से बाल अपचारियों के भागने की यह पहली घटना नहीं है। प्रदेश के विभिन्न बाल सुधार गृह से हर साल दर्जनों बाल अपचारी सुधार गृह तोड़कर फरार होते रहे हैं। जयपुर के सेठी कॉलोनी में स्थित बाल सुधार गृह से भी हर साल बच्चे जेल तोड़कर भागते रहे हैं। 28 जून 2023 को 15 बच्चे भागे थे। 16 सितंबर 2023 को भी 3 बच्चे भाग गए थे। 14 दिसंबर 2022 को 6, 3 जनवरी 2017 को 9, 8 दिसंबर 2016 को 15 और 12 नवंबर 2016 को भी 17 बाल अपचारी बाल गृह की खिड़कियां, दरवाजे तोड़कर या कभी दीवार फांद कर भाग चुके हैं।

2 साल पहले बाल गृह में हुई थी हत्या

17 मई 2022 को जयपुर के बाल सुधार गृह में एक युवक की हत्या कर दी गई थी। मंगलवार 17 मई की रात को सोनू नाम के बाल अपचारी की लोहे की रॉड से पीट पीट कर हत्या कर दी गई थी। सोनू ऊर्फ बंटी 4 साल से बाल सुधार गृह में बंद था। उसके खिलाफ मारपीट, लूट, दुष्कर्म और हत्या के प्रयास सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज थे। बाल सुधार गृह में भी वर्चस्व की लड़ाइयां होती रहती है। इसी वजह से सोनू के नींद में होने के दौरान लोहे की राड़ से हमला करके उसकी हत्या कर दी गई थी। हत्या की घटना के दौरान किसी को पता नहीं चला। अगले दिन बुधवार 18 मई की सुबह हत्या की जानकारी बाल सुधार गृह प्रशासन को लगी।

You missed

error: Content is protected !!